स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नवीन छात्र-छात्राओं को मतदाता पहचान पत्र बनवाने एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के लिए किया प्रेरित
महासमुंद। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, महासमुंद में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवीन छात्र-छात्राओं को मतदाता पहचान पत्र बनवाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में महासमुंद के विभिन्न वार्डों से आए बूथ लेवल ऑफिसर्स अंजू प्रजापति, सुधा रात्रे, रेणुका निषाद एवं सुशीला हरपाल ने विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता सुधा रात्रे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य के निर्माता हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा पात्रता पूर्ण होने पर मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। जागरूक युवा ही देश के लोकतांत्रिक भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की जानकारी दी गई। साथ ही, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक हिंदी श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, अर्थशास्त्र के प्राध्यापक श्री रवि देवांगन एवं वाणिज्य के सहायक प्राध्यापक श्री तरुण कुमार बांधे सहित महाविद्यालय के अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथि व्याख्याता श्री आलोक हिरवानी (कंप्यूटर विज्ञान), सुश्री माधुरी दीवान (वाणिज्य), श्री चित्रेश बरेठ (रसायनशास्त्र), अतिथि ग्रंथपाल सुश्री खुशबू सिन्हा, लैब टेक्नीशियन श्री शेष नारायण साहू एवं श्री जगतारण बघेल, प्रयोगशाला परिचारक सुश्री हेमा साहू एवं सुश्री प्रिया साहू तथा डेटा एंट्री ऑपरेटर श्री मोरध्वज कनौजे सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता पंजीकरण एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़कर लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।