National Hindi Day Celebration Program

स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में राष्ट्रीय हिंदी दिवस का भव्य आयोजन

“इंडिया नहीं, भारत” थीम पर निबंध एवं कविता प्रतियोगिता आयोजित

महासमुंद। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, महासमुंद में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं जागरूकता को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के कक्ष क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. अनुसुइया अग्रवाल (डी.लिट्) रहीं तथा कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ हिंदी प्राध्यापक श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर ने किया।

राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर “इंडिया नहीं, भारत” विषय पर निबंध एवं कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बीएससी पंचम सेमेस्टर के यिनेश साहू एवं फरजाना कुरैशी, बीएससी तृतीय सेमेस्टर की युक्ता दीवान तथा बी.कॉम तृतीय सेमेस्टर की सिम्मी मिरी एवं कशीश चंद्राकर सहित अनेक विद्यार्थियों ने भाषण, गीत एवं कविताओं की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने हिंदी के विकास, वर्तमान स्थिति एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और संस्कारों की अभिव्यक्ति का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

वरिष्ठ हिंदी प्राध्यापक श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर ने हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा एवं विभिन्न साहित्यिक कृतियों के माध्यम से जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डाला। वहीं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष श्री रवि देवांगन ने हिंदी की सरलता एवं महत्ता बताते हुए कहा कि हिंदी हमारे भावों और संस्कारों को अभिव्यक्त करने वाली भाषा है, इसलिए हमें सदैव इसका सम्मान करना चाहिए।

अतिथि व्याख्याता श्री आलोक हिरवानी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कविता का प्रभावपूर्ण पाठ कर हिंदी की ओजपूर्ण साहित्यिक परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराया। कार्यक्रम का सफल संचालन अतिथि व्याख्याता राजनीति विज्ञान श्री हरिशंकर नाथ ने किया।

कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक वाणिज्य श्री तरुण कुमार बांधे, अतिथि व्याख्याता सुश्री माधुरी दीवान, श्री चित्तेश बरेठ, अतिथि ग्रंथपाल सुश्री खुशबू सिन्हा, लैब टेक्नीशियन श्री शेष नारायण साहू एवं श्री जगतारण बघेल, प्रयोगशाला परिचारक सुश्री हेमा साहू एवं सुश्री प्रिया साहू, डेटा एंट्री ऑपरेटर श्री मूरद्वाज कनौजे सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं विविध प्रस्तुतियों से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक रहा। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति एवं भारतीय पहचान से जुड़ने का संदेश दिया गया।

National Hindi Day Celebration Program
Date: 17-09-2026