शिक्षक हमारे लिए देवतुल्य हैं — छात्र-छात्राओं ने भव्य समारोह आयोजित कर शिक्षकों का किया सम्मान
स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय महासमुंद में शिक्षक दिवस पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
महासमुंद, 5 सितंबर 2026। जिले के एकमात्र अंग्रेजी माध्यम कॉलेज, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, महासमुंद में शिक्षक दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा 5 सितंबर 2026 को अत्यंत उत्साह एवं भव्यता के साथ शिक्षक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के रूम नंबर-1 में आयोजित हुआ, जिसमें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक सम्मान पर प्रेरणादायक भाषण, एकल नृत्य, युगल नृत्य तथा नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापक श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष श्री रवि देवांगन, वाणिज्य संकाय विभागाध्यक्ष श्री तरुण कुमार बांधे, समस्त अतिथि व्याख्याता, शैक्षणिक स्टाफ एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बीएससी तृतीय सेमेस्टर के छात्र देवेश तिवारी ने शिक्षकों के सम्मान में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक हमारे लिए देवतुल्य हैं। उन्होंने महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को स्मरण करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
महाविद्यालय की संस्था प्रमुख एवं वरिष्ठ प्राध्यापक श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर ने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष श्री रवि देवांगन ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए तथा विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में आयोजित इस आयोजन की सराहना की।
समारोह को और अधिक मनोरंजक एवं यादगार बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा समस्त शैक्षणिक स्टाफ के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक इन खेलों में भाग लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। छात्राओं द्वारा शिक्षकों के लिए स्वल्पाहार एवं दोपहर के भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में बीए, बीकॉम एवं बीएससी के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से सहभागिता की और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के प्रति व्यक्त किए गए सम्मान एवं स्नेह से सभी शिक्षक अभिभूत नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में उत्साह एवं उल्लास की लहर दिखाई दी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में छात्र-छात्राओं द्वारा महाविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान श्रीफल एवं भेंट प्रदान कर किया गया। विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस आत्मीय सम्मान ने समारोह को भावनात्मक एवं यादगार बना दिया।
समारोह ने न केवल शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता को भी प्रदर्शित किया। शिक्षक दिवस का यह आयोजन महाविद्यालय परिवार के लिए उत्साह, सम्मान और आत्मीयता से भरा एक अविस्मरणीय अवसर रहा।